माल्या–ललित मोदी का VIDEO वायरल: जन्मदिन पार्टी में पिंकी लालवानी के साथ दिखे विजय माल्या

Comments
भारत में आर्थिक अपराधी घोषित विजय माल्या और आईपीएल के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में ललित मोदी खुद को और विजय माल्या को भारत के “दो सबसे बड़े भगोड़े” बताते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो माल्या के जन्मदिन का है, जिसे ललित मोदी ने 22 दिसंबर को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था।
“चलो फिर से इंटरनेट हिला देता हूं” – ललित मोदी की पोस्ट
वीडियो शेयर करते हुए ललित मोदी ने लिखा, “चलो, फिर से इंटरनेट हिला देता हूं। खासकर आप मीडिया वालों के लिए। जलन के साथ देखते रहिए।” इस वीडियो में विजय माल्या अपनी पार्टनर पिंकी लालवानी के साथ मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
बॉम्बे हाईकोर्ट में माल्या की याचिका पर सुनवाई
इस वीडियो के वायरल होने के बीच मंगलवार को बॉम्बे हाईकोर्ट में विजय माल्या की उस याचिका पर सुनवाई हुई, जिसमें उन्होंने खुद को भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किए जाने के आदेश को चुनौती दी है। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने माल्या के वकील से सवाल किया कि विजय माल्या भारत कब लौटेंगे।
ED की दलील– विदेश में रहकर कानून को चुनौती नहीं दे सकते
चीफ जस्टिस श्री चंद्रशेखर और जस्टिस गौतम अंखाड की बेंच के सामने प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने दलील दी कि कोई भी व्यक्ति विदेश में बैठकर भारतीय कानून को चुनौती नहीं दे सकता। उन्होंने बताया कि विजय माल्या के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
कोर्ट की टिप्पणी– आपराधिक जिम्मेदारी खत्म नहीं होती
माल्या के वकील ने दलील दी कि बैंकों की बड़ी मात्रा में रकम वसूल की जा चुकी है, लेकिन कोर्ट ने स्पष्ट कहा कि केवल वित्तीय देनदारी चुकाने से आपराधिक जिम्मेदारी समाप्त नहीं होती। कोर्ट ने यह भी कहा कि माल्या फिलहाल भारतीय अदालत के अधिकार क्षेत्र से बाहर हैं, इसलिए उनकी याचिका पर सुनवाई संभव नहीं है।
12 फरवरी को होगी अगली सुनवाई
बॉम्बे हाईकोर्ट ने इस मामले में अगली सुनवाई की तारीख 12 फरवरी तय की है। तब तक माल्या की कानूनी स्थिति और प्रत्यर्पण प्रक्रिया पर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
ललित मोदी पर IPL से जुड़े गंभीर आरोप
ललित मोदी 2005 से 2009 तक राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष रहे और 2008 में उन्होंने IPL की शुरुआत की। 2010 में उन पर आईपीएल में भ्रष्टाचार, गलत तरीके से ठेके देने और कमीशनखोरी के आरोप लगे। इसी साल उन्हें BCCI ने सस्पेंड कर दिया।
2010 से विदेश में रह रहा है ललित मोदी
आईपीएल घोटाले के आरोपों के बाद ललित मोदी 2010 में अंडरवर्ल्ड से धमकियों का हवाला देते हुए भारत छोड़कर लंदन चले गए। उनका पासपोर्ट रद्द किया गया और ED ने उनके खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया।
2016 से ब्रिटेन में है विजय माल्या
विजय माल्या 2016 से ब्रिटेन में रह रहे हैं और 2019 में उन्हें आधिकारिक तौर पर भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया गया था। उन पर हजारों करोड़ रुपये के बैंक लोन घोटाले के आरोप हैं और भारत सरकार उनके प्रत्यर्पण की कोशिश में लगी हुई है।







