बरमूडा ट्रायंगल का रहस्य: कहाँ स्थित है यह रहस्यमयी इलाका?

कहाँ स्थित है यह रहस्यमयी इलाका?

Comments

दुनिया में कुछ स्थान ऐसे हैं जिनका नाम सुनते ही रहस्य और डर का एहसास होने लगता है। बरमूडा ट्रायंगल, जिसे डेविल्स ट्रायंगल भी कहा जाता है, ऐसा ही एक रहस्यमयी इलाका है। यह उत्तरी अटलांटिक महासागर में मियामी (फ्लोरिडा), बरमूडा और प्यूर्टो रिको के बीच स्थित एक काल्पनिक त्रिकोण है, जहाँ पिछले 100 वर्षों में सैकड़ों जहाजों और विमानों के रहस्यमयी रूप से गायब होने के दावे किए जाते रहे हैं।

सैकड़ों हादसे, कोई ठोस सुराग नहीं
बरमूडा ट्रायंगल को दुनिया में सबसे खतरनाक समुद्री क्षेत्रों में गिना जाता है। कहा जाता है कि यहां से गुजरते ही जहाज अचानक डूब जाते हैं और विमान रडार से गायब हो जाते हैं। इन घटनाओं ने इसे दशकों तक एक रहस्यमयी और डरावनी जगह बना दिया।

चर्चित घटनाएँ जिन्होंने बढ़ाया डर
फ्लाइट 19 (1945): अमेरिकी नौसेना के पांच ट्रेनिंग विमान अचानक लापता हो गए।
यूएसए साइक्लोप्स (1918): 300 से ज्यादा लोगों को लेकर जा रहा विशाल जहाज बिना किसी इमरजेंसी सिग्नल के गायब हो गया।
DC-3 फ्लाइट (1948): 32 यात्रियों वाला विमान मियामी जाते समय लापता हो गया, जिसका मलबा तक नहीं मिला।

वैज्ञानिक क्या कहते हैं?
वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं का मानना है कि इन घटनाओं के पीछे कोई अलौकिक शक्ति नहीं, बल्कि प्राकृतिक और मानवीय कारण हैं।
खराब मौसम: इस क्षेत्र में अचानक तूफान, चक्रवात और तेज बारिश आम है।
रोग वेव्स (Rogue Waves): 100 फीट तक ऊंची अचानक उठने वाली लहरें बड़े जहाजों को भी पलट सकती हैं।
गल्फ स्ट्रीम: तेज समुद्री धारा जहाजों को रास्ते से भटका सकती है।
मीथेन गैस: समुद्र तल से निकलने वाली मीथेन गैस पानी की घनता कम कर देती है, जिससे जहाज तेजी से डूब सकते हैं।
मानवीय भूल: खराब मौसम में गलत फैसले, नेविगेशन की चूक और अनुभव की कमी भी बड़े हादसों की वजह बनती है।

मिथक जो डर को बढ़ाते रहे
बरमूडा ट्रायंगल को लेकर एलियन, ब्लैक होल और समुद्र के नीचे छिपे प्राचीन शहर अटलांटिस तक के दावे किए गए। हालांकि आज तक इन बातों का कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं मिला है।

सच क्या है?
आज की वैज्ञानिक रिसर्च और अमेरिकी सरकारी एजेंसियों के अनुसार, बरमूडा ट्रायंगल कोई जादुई या शैतानी जगह नहीं है। यह एक खतरनाक समुद्री क्षेत्र है, जहाँ मौसम, समुद्री धाराएँ और इंसानी गलतियाँ मिलकर हादसों को जन्म देती हैं। सालों तक लोगों को डराने वाला रहस्य अब धीरे-धीरे विज्ञान की रोशनी में साफ होता जा रहा है।

खबरे और भी है...