कानपुर के पनकी रतनपुर इलाके की घटना: सुसाइड से पहले युवक का वीडियो वायरल

Comments
No comments yet. Be the first!
उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पनकी थाना क्षेत्र के रतनपुर इलाके में रहने वाले 23 वर्षीय युवक रोहित सिंह उर्फ दीपक सिंह गौर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुसाइड से पहले युवक द्वारा बनाया गया एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह कथित तौर पर जबरन धर्म परिवर्तन का आरोप लगाता दिखाई दे रहा है।
वीडियो में युवक कहता है— “मेरा धर्म परिवर्तन किया जा रहा है, लेकिन मैं अपने धर्म के रास्ते पर रहूंगा। भारत में गांजा बंद होना चाहिए और नारी का सम्मान होना चाहिए… मैंने गलतियां कीं, माफ करना… मैं फांसी लगाने जा रहा हूं।”
पनकी रतनपुर इलाके में तनाव, शव रखकर सड़क जाम
घटना के बाद गुरुवार शाम पोस्टमार्टम किया गया। शुक्रवार सुबह परिजन शव को घर लाए और सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
लखनऊ यात्रा के दौरान दबाव और मारपीट का आरोप
परिजनों के अनुसार, युवक 26 जनवरी को लखनऊ अपनी बहन से मिलने गया था। आरोप है कि चार युवकों ने चारबाग रेलवे स्टेशन पर उसे रोका, धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया और मारपीट भी की। परिजनों का दावा है कि उसे एक मजार पर भी ले जाया गया था।
पहले मानसिक स्थिति की बात, वीडियो आने से बदली कहानी
शुरुआती जांच में परिजनों ने पुलिस को बताया था कि युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और वह अजीब व्यवहार कर रहा था। वह अक्सर कहता था कि उसे “भूत दिखते हैं।” लेकिन वीडियो सामने आने के बाद मामला पूरी तरह बदल गया, और धर्म परिवर्तन के आरोपों ने तूल पकड़ लिया।
बजरंग दल की चेतावनी, कार्रवाई की मांग
प्रदर्शन के दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि दो दिन के भीतर आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन किया जाएगा।
पुलिस का बयान: मुकदमा दर्ज, दो टीमें गठित
कानपुर पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
एक टीम लखनऊ भेजी गई है,
चारबाग रेलवे स्टेशन के CCTV फुटेज खंगाले जाएंगे,
वीडियो को अहम साक्ष्य माना गया है,
पनकी थाना प्रभारी के अनुसार, परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
धर्म परिवर्तन और मानसिक उत्पीड़न— दोनों पहलुओं की जांच
पुलिस का कहना है कि यह मामला केवल आत्महत्या का नहीं है, बल्कि इसमें मानसिक उत्पीड़न और कथित धर्म परिवर्तन दोनों पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।





