एयरफोर्स का ट्रेनी विमान तालाब में क्रैश: छात्रों ने दिखाई बहादुरी

छात्रों ने दिखाई बहादुरी

Comments

No comments yet. Be the first!

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब भारतीय वायुसेना का एक ट्रेनी माइक्रोलाइट विमान उड़ान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त होकर शहर के बीचों-बीच एक तालाब में जा गिरा। यह हादसा केपी कॉलेज के पीछे स्थित तालाब में हुआ, जहां अचानक तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी और आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई।

उड़ान के दौरान बिगड़ा संतुलन, तालाब में गिरा विमान
चश्मदीदों के अनुसार, विमान उड़ान भरते समय सामान्य स्थिति में था, लेकिन कुछ ही पलों बाद उसका संतुलन बिगड़ गया और वह तेजी से नीचे आते हुए तालाब में गिर पड़ा। हादसे की आवाज सुनते ही सैकड़ों स्थानीय लोग और छात्र मौके पर पहुंच गए और बिना देर किए रेस्क्यू में जुट गए।

छात्रों और स्थानीय लोगों ने दिखाई बहादुरी
चश्मदीद पदम सिंह ने बताया, “हम लोग स्कूल कैंपस में थे, तभी रॉकेट जैसी तेज आवाज सुनाई दी। दौड़कर पहुंचे तो देखा कि कुछ लोग दलदल में फंसे हुए थे। हम लोग तालाब में कूद गए और तीन लोगों को बाहर निकाला।”

रूटीन ट्रेनिंग सॉर्टी पर था माइक्रोलाइट विमान
भारतीय वायुसेना की ओर से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट एक रूटीन ट्रेनिंग सॉर्टी पर था। विमान में दो पायलट सवार थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। दोनों पायलटों को कोई गंभीर चोट नहीं आई है, जिससे प्रशासन और वायुसेना ने राहत की सांस ली है।

मौके पर पहुंची पुलिस और राहत टीमें
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत टीमें मौके पर पहुंच गईं। तालाब के आसपास बैरिकेडिंग कर दी गई है और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। फिलहाल विमान को तालाब से बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है, ताकि तकनीकी जांच की जा सके।

हादसे के कारणों की जांच जारी
वायुसेना और प्रशासन की संयुक्त टीम हादसे के कारणों की गहन जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर तकनीकी खराबी या संतुलन बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि ट्रेनिंग उड़ानों के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया जाता है और इस हादसे के हर पहलू की बारीकी से जांच की जाएगी।

खबरे और भी है...