देवघर बाबाधाम में कंगना रनौत: देशवासियों के सुख-समृद्ध भविष्य और विश्व कल्याण की कामना
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं
पहले आप अपनी बात रखें
भाजपा सांसद और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत सोमवार को झारखंड के देवघर स्थित प्रसिद्ध बाबाधाम मंदिर पहुंचीं। यहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ के शिवलिंग पर जलाभिषेक किया और देशवासियों के सुख-समृद्ध भविष्य के साथ विश्व कल्याण की प्रार्थना की।
कंगना रनौत के बाबाधाम पहुंचते ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कोई उनके साथ सेल्फी लेने को उत्साहित दिखा तो कोई अपने मोबाइल कैमरे में उनकी तस्वीर कैद करने की कोशिश करता नजर आया। भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस प्रशासन को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
पूजा-अर्चना के बाद मीडिया से बातचीत में कंगना रनौत ने कहा कि बाबाधाम में दर्शन करने से उन्हें मन की गहरी शांति मिली है। उन्होंने सनातन धर्म की भावना “सर्वे भवन्तु सुखिनः” को अपनाते हुए भगवान भोलेनाथ से पूरे विश्व के कल्याण की कामना की।
सुरक्षा कारणों से मंदिर परिसर में कड़े इंतजाम किए गए थे। तीर्थ पुरोहितों द्वारा संकल्प के बाद गर्भगृह में विशेष पूजा संपन्न कराई गई, इस दौरान कुछ समय के लिए आम श्रद्धालुओं की एंट्री भी रोकी गई। इसके बाद सांसद कंगना रनौत ने शिवलिंग पर जलाभिषेक कर बाबा भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया।
बाबाधाम में दर्शन-पूजन के बाद कंगना रनौत दुमका स्थित बासुकीनाथ मंदिर के लिए रवाना हुईं, जहां वे बाबा बासुकीनाथ दरबार में भी पूजा-अर्चना करेंगी। इसके पश्चात उनके देवघर एयरपोर्ट पहुंचकर दिल्ली लौटने की संभावना है।
इससे पहले, देवघर एयरपोर्ट पर पहुंचते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट पर भी उनकी एक झलक पाने के लिए भारी भीड़ देखी गई। कंगना रनौत ने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और कड़ी सुरक्षा के बीच बाबाधाम के लिए रवाना हुईं।






